फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने 2 देसी कट्टे बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। क्राइम ब्रांच की टीमों ने अलग-अलग छापेमार अभियानों के दौरान दो संदिग्धों को पकड़कर उनके कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 20 जनवरी को की गई, जिसमें अपराध शाखा की विभिन्न टीमें सक्रिय रहीं।
पहली कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कुंदन कॉलोनी निवासी दीपक को सेक्टर-2 की बाईपास रोड से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने राम नगर झुग्गी निवासी रिन्कू को सब्जी मंडी खेडीपुल से पकड़ा, जिसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा मिला।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई फरीदाबाद पुलिस की लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है, जिसमें अवैध हथियारों की तस्करी, आपूर्ति और कब्जे पर सख्त नजर रखी जा रही है।