सेक्टर-46 पुलिस चौकी द्वारा गिरफ्तार आरोपी
फरीदाबाद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में सेक्टर-46 पुलिस चौकी की टीम ने पेट्रोल पंप पर तैनात एक सेल्समेन के साथ मारपीट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 जनवरी 2026 की रात लगभग 11:30 बजे की है। पीड़ित राहुल, जो फिरोजपुर झिरका का निवासी है, उस समय पेट्रोल पंप पर अपनी ड्यूटी निभा रहा था। तभी दो युवक स्कूटी से वहां पहुंचे और पेट्रोल भरवाया। भुगतान की मांग करने पर दोनों युवकों ने सेल्समेन के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और मौके से चले गए।
कुछ समय बाद हालात और बिगड़ गए जब वे दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ हाथों में डंडे लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर लौटे। तीनों ने मिलकर सेल्समेन पर हमला कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-46 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान नितिन (निवासी लोहडोला, फरीदाबाद), सौरभ नढ्ढा (निवासी सहारणी, सिरसा; वर्तमान निवासी सेक्टर-70, फरीदाबाद) और सौरभ हुड्डा (निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पेट्रोल पंप पर हुई कहासुनी के बाद उन्होंने गुस्से में आकर यह हमला किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।