बल्लभगढ़ सब्जी मंडी में लोगों को संबोधित करती फरीदाबाद पुलिस की टीम
फरीदाबाद | 24 दिसंबर 2025
हरियाणा पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश और पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद ने बल्लभगढ़ स्थित सब्जी मंडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को महिला सुरक्षा कानूनों और बाल विवाह निषेध अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह बेटियों के अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डालता है तथा समाज में अपराधों और अत्याचारों को बढ़ावा देता है। इसलिए इसके खिलाफ कानूनों का ज्ञान और सख्त अनुपालन जरूरी है।
लोगों को डायल 112, 1930, 1933, 1098, 1091 जैसे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही MANAS ऐप के माध्यम से नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के बाद नशा मुक्ति टीम ने आसपास के क्षेत्र में डोर-टू-डोर सर्वे भी किया। अभियान के दौरान लगभग 550 लोगों को जागरूक किया गया। जनवरी 2025 से नवंबर 2025 तक सेल द्वारा 504 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2.5 लाख नागरिकों को जागरूक किया जा चुका है।