गणतंत्र दिवस से पहले फरीदाबाद पुलिस की सघन जांच
फरीदाबाद पुलिस ने आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए व्यापक कोंबिंग और सर्चिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर थाना स्तर पर टीमों का गठन किया गया और विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच की गई। इस अभियान का उद्देश्य संभावित खतरों को पहले ही पहचानकर समय रहते रोकथाम करना है।
18 जनवरी 2026 को एनआईटी जोन में थाना सारण और डबुआ, बल्लभगढ़ जोन में थाना आदर्श नगर और सेक्टर-8 तथा सेंट्रल जोन में थाना पल्ला और खेड़ीपुल की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी चेकिंग की। इस दौरान होटल, गेस्ट हाउस, पी.जी., किरायेदारों, सरायों, धर्मशालाओं और मस्जिदों में रहने वाले व्यक्तियों की पहचान तथा उनकी वैधता की जांच की गई। साथ ही अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और अन्य विदेशी नागरिकों के संदिग्ध ठहराव स्थानों पर भी छानबीन की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सरकारी भवनों, सार्वजनिक कार्यक्रम स्थलों और व्यस्त इलाकों में पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।