अपराध शाखा द्वारा बरामद चरस और गांजा
फरीदाबाद में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी और सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देशन में अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 1.076 किलोग्राम चरस और 550 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जो पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहली कार्रवाई अपराध शाखा डीएलएफ की टीम द्वारा की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरकेश नगर क्षेत्र में शिव मंदिर के पास से आरोपी इंद्रजीत, निवासी सुखरोली, संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.076 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह चरस गोरखपुर से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये में खरीदकर फरीदाबाद लाया था, जिसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने अनखीर चौक के पास से आरोपी अमरनाथ, निवासी गणेश झुग्गी, नियर न्यू पेट्रोल पंप, जिला फरीदाबाद को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 550 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नशे की सप्लाई में संलिप्त था।
दोनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपी इंद्रजीत को माननीय अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी अमरनाथ के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।