विश्व पुस्तक मेला 2026 में पुस्तकें देखते विद्यार्थी
विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि बढ़ाने और ज्ञान के नए आयामों से परिचित कराने के उद्देश्य से फरीदाबाद पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। सेक्टर-30 स्थित पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी तथा पुलिस लाइन खेड़ीपुल स्थित सरदार पटेल पुलिस पब्लिक पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को 14 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विश्व पुस्तक मेला 2026 का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेला 10 से 18 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जहां देश-विदेश के नामी प्रकाशक, लेखक और शिक्षाविद एक ही मंच पर उपस्थित हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की नवीनतम पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी अध्ययन सामग्री, साहित्यिक कृतियों और प्रेरणादायक लेखन से रूबरू होने का अवसर मिला। पुस्तकों की विविधता ने छात्रों में पढ़ने की आदत को और मजबूत किया।
इस अवसर पर नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) के निदेशक युवराज मलिक ने विद्यार्थियों से संवाद किया और नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता आई।
पुस्तक मेले के लेखक मंच पर हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन शत्रुजीत कपूर, आईपीएस ने ऑनलाइन माध्यम से संबोधन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी जैसी पहल युवाओं में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देती है और यह समाज के बौद्धिक विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा संचालित पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऐसे शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रही है।