फरीदाबाद पुलिस लगातार आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में सेक्टर-16 चौकी टीम ने मारपीट की घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता आशीष, निवासी अजरौंदा, ने पुलिस को बताया कि 29 नवंबर की शाम लगभग 7:30 बजे वह अपने रिश्तेदार राहुल के साथ सेक्टर-16 स्थित फिट फ्यूल फिटनेस जिम से बाहर निकले ही थे कि पार्किंग में खड़ी एक कार से निकले युवक ने राहुल को पकड़ लिया। तुरंत उसने अपने साथियों को पुकारा, जिसके बाद 6–7 लड़के लाठी, डंडे और हथौड़े लेकर मौके पर पहुंचे और राहुल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला सेक्टर-17 थाने में दर्ज हुआ।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी शक्ति सिंह की पीड़ित से पुरानी कहासुनी थी, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया। पुलिस ने शक्ति सिंह (वासी मधुबनी, बिहार), तुषार (वासी छायंसा), संजू (वासी महोबा, उत्तर प्रदेश) और साहिल (वासी दयालपुर) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
