चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कार्रवाई
फरीदाबाद पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए शादी समारोह के दौरान हुई बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। यह मामला 24 नवंबर 2025 का है, जब ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह में अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाकर बैग काट लिया। बैग में रखे करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी, जिससे पीड़ित परिवार गहरे सदमे में था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-85 को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए त्रिखा कॉलोनी निवासी आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए आभूषणों को एक बैंक में गिरवी रखकर करीब 10 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
इस सफल कार्रवाई से राहत महसूस करते हुए पीड़ित परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने 21 जनवरी को पुलिस आयुक्त श्री सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात की। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए प्रधान अशोक रखेजा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने फरीदाबाद पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस शहर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।