सोनीपत के मलिकपुर में जेबीएम सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का दौरा करते विधानसभा स्पीकर
हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण ने सोनीपत के मलिकपुर गांव में स्थापित जेबीएम ग्रुप के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं एनर्जी प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ठोस कचरे से ऊर्जा उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया, तकनीकी संरचना और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उपायों का विस्तार से अवलोकन किया।
प्लांट प्रबंधन द्वारा स्पीकर को कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और उससे बिजली व अन्य उपयोगी संसाधन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण मानकों, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को भी परखा।
विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण ने कहा कि बढ़ती आबादी और शहरीकरण के चलते सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में कचरे से ऊर्जा बनाने वाले संयंत्र स्वच्छता के साथ-साथ हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जेबीएम द्वारा स्थापित यह प्लांट स्वच्छ भारत मिशन, आत्मनिर्भर भारत और नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य को मजबूती देता है।
स्पीकर ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में करनाल जैसे अन्य शहरों में भी इस मॉडल को अपनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रोजेक्ट्स से स्थानीय युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर मिलते हैं, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को लाभ होता है।
दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए और आम नागरिकों को कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक किया जाए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी और जेबीएम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।