सोनीपत, 25 नवंबर। हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली महिलाओं के लिए राज्य स्तरीय सम्मान हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य महिलाएं 26 दिसंबर तक महिला एवं बाल विकास कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं। चयनित प्रतिभागियों को यह सम्मान 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना और समाज में उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाना है। इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के अंतर्गत ₹1.50 लाख और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा, जबकि कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार और बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए ₹1 लाख और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के विजेताओं को ₹51,000 की राशि और सम्मान पत्र दिया जाएगा।
सारवान ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आठ अलग श्रेणियों—जैसे नर्स एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता, महिला खिलाड़ी, स्वयं सहायता समूह सदस्य, सरकारी कर्मचारी, समाजसेवी, महिला उद्यमी, स्त्री शक्ति श्रेणी और आंगनबाड़ी कर्मी—में ₹21,000 और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।