‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021‘ के तहत राहगिरी कार्यक्रम 23 मई को सेक्टर-12 व सेक्टर-15 वाली सड़क पर सायं 6:00 बजे होगा

                     

फरीदाबाद, 08 मई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के प्रोमोशन कार्यक्रम की कड़ी में जिला में 23 मई को ‘राहगिरी कार्यक्रम‘ सेक्टर-12 व सेक्टर-15 रोड पर सायं 6:00 बजे आयोजित किया जाएगा। आयोजन से आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारी की जा रही है।

     उपायुक्त जितेन्द्र यादव ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि जिला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की प्रमोशनल सेरेमनी को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही है और जल्द ही सभी तैयारियों को पूरा कर लिया जाएगा। इसी कड़ी में जिला में 23 मई को शाम 6 बजे राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दर्शकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे।

     उन्होंने कहा कि ‘राहगिरी कार्यक्रम‘ में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा ताकि नागरिक इन खिलाड़ियों से प्रेरित हो सकें।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 को बढ़ावा देने के लिए जिला में 23 मई को होने वाले ‘राहगिरी कार्यक्रम‘ में टॉर्च रन सेरेमनी भी आयोजित की जाएगी।

इस दौरान ‘धाकड़ ऑन व्हील्स‘ वाहन भी जिला में पहुंचेगा जिस पर मशाल व शुभंकर लगा होगा। इसके अलावा, आयोजन स्थल पर लोगों के मनोरंजन के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। यह पूरे राज्य के अलग-अलग जिलों का भ्रमण करेगा।

     डीसी जितेन्द्र यादव ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 हरियाणा के लिए एक बड़ा खेल आयोजन है। ऐसे में राहगिरी कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में जबरदस्त उत्साह का संचार होगा। उपायुक्त ने बताया कि राहगीरी के दौरान जिलों में खेले जाने वाले गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन जैसे पांच पारंपरिक खेलों में से कम से कम एक खेल का आयोजन जरूर करवाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here