स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देते आईटीआई सोनीपत के विद्यार्थी
सोनीपत के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में गुरुवार को ‘स्वदेशी अपनाओ’ विषय पर जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष रैली और विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वदेशी उत्पादों के महत्व, आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के तहत संस्थान परिसर से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। रैली के दौरान “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से छात्रों ने आम नागरिकों को देश में निर्मित उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया। इस रैली को एनसीसी अधिकारी मेजर संजय श्योराण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मेजर संजय श्योराण ने बताया कि निदेशालय कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार यह अभियान प्रदेश की सभी आईटीआई में एक साथ आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाता है।
रैली के उपरांत आयोजित विचार-गोष्ठी में वक्ताओं ने स्वदेशी के सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्य अनुदेशक सुरेश कुमार और अनुदेशक मंजीत दहिया ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।