पलवल में किसान दिवस कार्यक्रम के दौरान किसानों को संबोधित करते अधिकारी
राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर गांव सिहोल स्थित धानुका कृषि अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और भारत सरकार के कृषि आयुक्त डॉ. पी. के. सिंह ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर लागत घटाने और आय बढ़ाने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने किसानों से फसल अवशेष न जलाने, धान की सीधी बिजाई अपनाने और मूल्यवर्धन के जरिए खेती को लाभकारी बनाने की अपील की। उन्होंने एफपीओ के माध्यम से बाजार से जुड़ने और सरकारी सब्सिडी योजनाओं का लाभ लेने पर जोर दिया।
कृषि आयुक्त डॉ. पी. के. सिंह ने कहा कि परंपरागत ज्ञान और नवीन शोध को मिलाकर खेती को आधुनिक बनाया जा सकता है। उन्होंने नकली बीज, खाद और कीटनाशकों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कृषि की अहम भूमिका होगी।