सोनीपत, 15 जनवरी। हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने किसानों और पशुपालकों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। उपमंडल अधिकारी डॉ. बलजीत दलाल ने बताया कि 6 से 8 फरवरी तक कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय तीन दिवसीय पशु प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य प्रदेश के पशुपालकों को उन्नत नस्लों, आधुनिक तकनीकों और डेयरी संबंधी सेवाओं से जोड़ना है।
प्रदर्शनी में सरकारी और निजी फार्म, गऊशालाएं, तथा विभिन्न उन्नत पशु नस्लों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। पशुपालकों को अपने पशुओं को प्रदर्शनी में लाने के लिए नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय से संपर्क करना होगा। इसके साथ ही, हरियाणा सरकार प्रदर्शनी में पशुओं के आवागमन के लिए किलोमीटर के हिसाब से खर्च और पशु पालन संबंधी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराएगी। इसमें हरा चारा, पानी और रहने की व्यवस्था शामिल है।
डॉ. बलजीत दलाल ने बताया कि प्रदर्शनी में चयनित पशुओं को सम्मानित भी किया जाएगा। पशुपालकों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और परिवार पहचान पत्र लेकर आना आवश्यक है। इसके अलावा, इच्छुक किसान और पशुपालक प्रदर्शनी में जाने के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क बस सेवा का लाभ भी उठा सकते हैं।
यह प्रदर्शनी किसानों और पशुपालकों के लिए ज्ञानवर्धक और लाभकारी साबित होगी, क्योंकि उन्हें उन्नत नस्लों की जानकारी, डेयरी तकनीक और पशुपालन से जुड़े नए उपायों का अनुभव मिलेगा।