पलवल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेज़ी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पलवल की अनाज मंडी में आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने जनता को संबोधित करते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पलवल को मेट्रो की सौगात मिलने जा रही है और वर्ष 2026 से इस परियोजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कोरोना काल, अंतरराष्ट्रीय संकटों और सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का भारत पहले से अधिक सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बना है। नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाया है।
उन्होंने बताया कि किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं ने ज़मीनी स्तर पर बदलाव किया है। घर-घर नल से जल, पक्के मकान, एलपीजी गैस, मुफ्त राशन, आयुष्मान स्वास्थ्य सुविधा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस मौके पर विभिन्न विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने फरीदाबाद-पलवल लोकसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया और भविष्य में और तेज़ विकास की उम्मीद व्यक्त की।