खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया
पलवल, हरियाणा सरकार प्रदेश के संतुलित और समग्र विकास को लेकर लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में ईश्वर नगर से किठवाड़ी पुल तक बनने वाली लैंटर (आरएमसी) सड़क निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 91 लाख रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री गौरव गौतम ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की और कहा कि यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरएमसी तकनीक से बनने वाली यह सड़क अधिक मजबूत और टिकाऊ होगी, जिससे भविष्य में बार-बार मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ेगी।
खेल राज्य मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं।
गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार शहरों और गांवों दोनों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसे क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। बेहतर सड़कें न केवल आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाती हैं, बल्कि व्यापार, उद्योग और कृषि गतिविधियों को भी गति देती हैं।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नई सड़क के निर्माण से बरसात के मौसम में जलभराव और गड्ढों की समस्या से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।