मुख्य बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर छापा
पलवल जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता और तेज कर दी है। सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शहर के मुख्य बाजार में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार की गई, जिसका उद्देश्य शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
निरीक्षण के दौरान उन दुकानदारों को चिन्हित किया गया, जो प्रतिबंध के बावजूद पॉलीथिन और अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का उपयोग और भंडारण कर रहे थे। जांच के बाद सात दुकानदारों पर कुल 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही दुकानों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। संबंधित दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद हानिकारक है। प्लास्टिक से निकलने वाले सूक्ष्म कण मिट्टी, पानी और हवा को प्रदूषित करते हैं, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण सरकार द्वारा इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे बाजार में खरीदारी करते समय कपड़े या कागज के थैलों का प्रयोग करें। खाने-पीने की वस्तुओं के लिए स्टील, कांच या मिट्टी के बर्तनों को अपनाने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन का मानना है कि जब तक आमजन और व्यापारी मिलकर सहयोग नहीं करेंगे, तब तक प्लास्टिक प्रदूषण पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं है। यह अभियान स्वच्छ और सुरक्षित पलवल की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।