छात्रवृत्ति वितरण समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते उपायुक्त
पलवल, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और समाज में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के ब्रांड एंबेसडर के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। यह बात उन्होंने क्यूब हाईवेज एंड रूट्स फाउंडेशन तथा एनएचएआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह के दौरान कही। कार्यक्रम का आयोजन गदपुरी टोल स्थित आरोही पब्लिक विद्यालय में सीएसआर फंड के अंतर्गत किया गया।
उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और 50 मेधावी विद्यार्थियों को प्रति छात्र 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति के चेक व प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी विद्यार्थियों का दायित्व है। यदि छात्र स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि जिला प्रशासन और सड़क सुरक्षा समिति के निरंतर प्रयासों से पलवल जिले में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। वे स्वयं प्रतिदिन दुर्घटनाओं की मॉनिटरिंग करते हैं और संबंधित विभागों के साथ मिलकर सुधारात्मक कदम उठाते हैं। बघौला फ्लाईओवर सहित संवेदनशील स्थानों पर कमियों को दूर करने के लिए एनएचएआई को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का नियमित ऑडिट कराया जा रहा है।
उन्होंने वाहन चालकों और पैदल यात्रियों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट को बोझ नहीं, बल्कि जीवन रक्षक उपाय बताया। मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और प्राथमिक उपचार व सीपीआर जैसे प्रशिक्षण लेने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में एनएचएआई, क्यूब हाईवेज के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।