समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनती एसडीएम ज्योति
हरियाणा सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर अब प्रशासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु बनकर उभर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को पलवल जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) ज्योति ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम ज्योति ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन की एक ऐसी पहल है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपलब्ध होने से शिकायतों का निपटारा तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका निपटारा प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रत्येक सप्ताह सोमवार और बृहस्पतिवार को जिला व उपमंडल स्तर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में राजस्व, सामाजिक कल्याण, नगर परिषद, बिजली, जल आपूर्ति सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान उसी समय किया जा सके।
एसडीएम ने आमजन से अपील की कि वे अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस पहल की जानकारी अन्य नागरिकों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इस सुविधा का लाभ लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकें