पलवल में आयुष विभाग द्वारा सूर्य नमस्कार 2026 अभियान का आयोजन
पलवल जिले में आयुष विभाग ने स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सूर्य नमस्कार अभियान की शुरुआत की है। आयुष निदेशालय पंचकुला के निर्देशानुसार और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में धतीर स्थित व्यायामशाला में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. योगेश यादव और कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रवीण गोयल की देखरेख में हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों को नियमित दिनचर्या में सूर्य नमस्कार को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
आयुष योग सहायक आचार्य कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि जिले की सभी व्यायामशालाओं में मुफ्त योग कक्षाएं चल रही हैं, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य सुधार और जीवनशैली को बेहतर बनाना है। सूर्य नमस्कार 2026 अभियान के तहत जिले के सभी व्यायामशालाओं में यह अभ्यास कराया जा रहा है। होडल, हथीन, पलवल और पृथला ब्लॉक के योग प्रशिक्षकों की टीम इस अभियान को सक्रिय रूप से संचालित कर रही है। इसके अलावा, सभी ब्लॉकों की व्यायामशालाओं और सरकारी स्कूलों में भी इस कार्यक्रम के आयोजन की योजना बनाई जा रही है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण योग अभ्यास है, जो शरीर, मन और बुद्धि के विकास में मदद करता है। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति द्वारा किया जा सकता है और इसे रोज़ाना करने से स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं में राहत मिलती है।
साथ ही, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 23 जनवरी को नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती के अवसर पर गांव गहलब स्थित शहीद स्मारक पर जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा और जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजीव तोमर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन देशभक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता दोनों का संदेश देगा।