पुलिस लाइन सोनीपत में फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान तिरंगा फहराते उपायुक्त सुशील सारवान
सोनीपत, 24 जनवरी।
जिला स्तरीय 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन सोनीपत में फुल ड्रेस रिहर्सल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त सुशील सारवान ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को आगामी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमें स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
तिरंगा फहराने के उपरांत उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर एसीपी निधि नैन के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस की महिला एवं पुरुष टुकड़ियों, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने विद्यार्थियों के साथ अनुशासित मार्च पास्ट किया। गोल्डन हैरियर स्कूल के बैंड की जोशीली धुनों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
परेड के बाद विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पीटी शो के माध्यम से एकता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति और भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल मॉडल टाउन, द स्प्रिंक इरा पब्लिक स्कूल, रुचि स्पेशल स्कूल, ब्राइट स्कॉलर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा सहित कई स्कूलों की टीमों ने अलग-अलग राज्यों की लोक संस्कृति और देशप्रेम पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन जानकीदास पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह, डीसीपी परबीना पी, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।