सोनीपत में आयोजित यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में प्रतिभागी
सोनीपत जिले में आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 20 जनवरी तक हिंदू कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सोनीपत में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सेवा, नेतृत्व क्षमता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
यह शिविर उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोनीपत सुशील सारवान के मार्गदर्शन में तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव गौरव रामकरण के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में जिले के 20 विभिन्न कॉलेजों से आए 100 विद्यार्थियों और 20 काउंसलरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
समापन समारोह में सीटीएम डॉ. अनमोल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रेडक्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी ड्यूनैंट की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अपने संबोधन में डॉ. अनमोल ने युवाओं को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।