साइबर थाना NIT द्वारा टेलीग्राम टास्क ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी
फरीदाबाद। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7,31,014 रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्य प्रकाश (निवासी सुभाष नगर, कोटा), अंकित (निवासी केशवपुरा, राजस्थान) और अभिषेक कश्यप (निवासी झालावाड़, राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर दिखे एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसे पहले व्हाट्सएप और फिर टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। यहां उसे रेस्टोरेंट रिव्यू जैसे आसान टास्क के बदले कमाई का लालच दिया गया। शुरुआत में कुछ टास्क पूरे करने पर उसके खाते में पैसे भी भेजे गए, जिससे उसका भरोसा जीत लिया गया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे “पेड टास्क” करने के लिए प्रेरित किया। अधिक कमाई की उम्मीद में महिला ने अलग-अलग खातों में कुल 7,31,014 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने रकम वापस मांगनी चाही तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित इस ठगी में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता और एटीएम कार्ड दोस्त दिव्य प्रकाश को सौंप रखा था। खाते में आई ठगी की रकम एटीएम से निकालकर दिव्य प्रकाश, अभिषेक को देता था। अभिषेक ने यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे ऑनलाइन टास्क और लालच से सावधान रहें।