कन्फर्म टिकट के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त में
फरीदाबाद में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तकनीक की सुविधा के साथ-साथ अपराधियों द्वारा इसके दुरुपयोग के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला साइबर थाना सेंट्रल फरीदाबाद के सामने आया है, जहां ट्रेन का कन्फर्म टिकट दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 28,000 रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित व्यक्ति सेक्टर-37 फरीदाबाद का निवासी है, जो वैष्णो देवी यात्रा के लिए ट्रेन टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहा था। गूगल पर सर्च करने के दौरान उसे एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को ट्रैवल्स से जुड़ा बताते हुए कन्फर्म टिकट दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने जल्द टिकट मिलने का लालच देकर पीड़ित से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 28,000 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब पीड़ित ने टिकट की जानकारी लेनी चाही तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश अल्लाह, निवासी संगम विहार, दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल सर्च के माध्यम से लोगों को निशाना बनाता था और खुद को टूर एंड ट्रैवल्स से जुड़ा बताकर कन्फर्म टिकट का झांसा देता था। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान केवल आधिकारिक वेबसाइट और ऐप्स का ही उपयोग करें।