
फरीदाबाद, सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन में आयोजित भव्य गणेश उत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि गणपति महोत्सव भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का अद्वितीय संगम है। त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाले पुल हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत की सांस्कृतिक धरोहरों को नई पहचान मिली है। अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट आस्था और गौरव को और प्रखर बना रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने गणपति बप्पा से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, राज्य मंत्री राजेश नागर, मेयर प्रवीण बत्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।