
चंडीगढ़, 25 जुलाई।
हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरी संजीदगी से निभा रहे हैं। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और जनसुविधाओं का सतत विस्तार उनकी कार्यशैली की पहचान बन चुका है। फरीदाबाद से लेकर चंडीगढ़ तक उनके कार्यों की चर्चा हो रही है और लोग उनके त्वरित फैसलों व सक्रियता की सराहना कर रहे हैं।
विपुल गोयल का मानना है कि जनप्रतिनिधि वही है, जो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाए। वे जनता से लगातार संवाद बनाए रखते हैं और समस्याओं को प्राथमिकता से हल कराने के लिए तत्पर रहते हैं।

पंचकूला में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक हो या गुरुग्राम व फरीदाबाद में विभागीय कार्यों का निरीक्षण—मंत्री हर पहलु को स्वयं समझते, विश्लेषण करते और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर समाधान सुनिश्चित करते हैं। उनके नेतृत्व में विभागीय पारदर्शिता, जनकल्याण और जवाबदेही को नई दिशा मिली है। शिकायतों के त्वरित निवारण के चलते आमजन में उनके प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ा है। मंत्री विपुल गोयल साफ कहते हैं, “जब सेवा मन से की जाती है, तो सम्मान अपने आप मिल जाता है।”
भाजपा की पहचान सिर्फ नारे या वादों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से बनती है। यही कारण है कि उनके फैसले और नीतियां न केवल सराही जा रही हैं, बल्कि विपक्षी दलों के लिए एक नई कार्यसंस्कृति की मिसाल भी बन रही हैं।
पंचकूला में ग्रीवेंस कमेटी के दौरान नागरिकों द्वारा खुले दिल से आभार व्यक्त किया जाना इस बात का प्रमाण है कि यदि नीयत साफ हो और इरादे मजबूत हों, तो सरकार और जनता के बीच विश्वास की एक मजबूत डोर स्थापित की जा सकती है।