
नई दिल्ली, – भाजपा द्वारा कथित वोट चोरी के विरोध में आज नई दिल्ली और महरौली जिला कांग्रेस कमेटियों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर अभियान चलाया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के निर्देश पर आयोजित इस पहल में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।
जमरुदपुर में हुए अभियान का नेतृत्व नई दिल्ली जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र कसाना ने किया, जबकि महरौली के मसूदपुर क्षेत्र में राजेश चौहान के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोनों जिलों के अभियानों में स्थानीय नेताओं, पूर्व विधायकों, महिला कांग्रेस प्रतिनिधियों और युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि “वोट चोरी लोकतंत्र के लिए सीधा खतरा है। कांग्रेस राहुल गांधी जी के नेतृत्व में इसे उजागर करने और जनता को जागरूक करने का अभियान चला रही है। दिल्ली के युवा और छात्र संविधान व मतदान अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट हो रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी द्वारा पेश किए गए प्रमाण बताते हैं कि संगठित तरीके से मतदाताओं के अधिकारों का हनन हुआ है। कांग्रेस ने इस अन्याय के खिलाफ देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान छेड़ा है ताकि जनता की आवाज़ संसद तक पहुंचे।