
नई दिल्ली, 26 सितम्बर 2025 – दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नियंत्रण वाले नगर निगम अस्पतालों – हिन्दूराव, बालक राम और स्वामी दयानंद – में दवाओं की भारी कमी है। हालात इतने खराब हैं कि गरीब मरीजों को इलाज के लिए दवाइयाँ बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।
यादव का कहना है कि ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और एंटीबायोटिक जैसी ज़रूरी दवाइयाँ भी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं हैं। डॉक्टर पर्ची तो लिखते हैं, लेकिन दवा न मिलने के कारण मरीजों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। वहीं डेंगू और मलेरिया जैसे मौसमी रोगों के बढ़ते मामलों से स्थिति और चिंताजनक हो गई है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले चार महीनों से अस्पतालों में दवाइयों का संकट जारी है और प्रशासनिक लापरवाही के कारण स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि दवा वितरण काउंटरों पर अव्यवस्था, मशीनों की खराब हालत, कर्मचारियों की कमी और सफाई व्यवस्था की बदहाली मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर निगम में भ्रष्टाचार और फंड की कमी की वजह से स्वास्थ्य सेवाएँ वेंटिलेटर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने मांग की कि तुरंत ठोस कदम उठाकर दिल्लीवासियों को राहत दी जाए।