
दिल्ली महिला कांग्रेस ने नए सिरे से महिला सशक्तिकरण की ओर कदम बढ़ाते हुए दो योजनाओं की शुरुआत की — ‘प्रियदर्शिनी उड़ान’ और ‘प्रियदर्शिनी सिलाई योजना’।
इंदिरा भवन में आयोजित ‘नेतृत्व सृजन कार्यक्रम’ के दौरान इन योजनाओं की घोषणा की गई, जिसका नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा और दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने किया।
इस कार्यक्रम में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने दीप जलाकर शुभारंभ किया।
‘प्रियदर्शिनी उड़ान योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को सैनिटरी पैड निर्माण का प्रशिक्षण और कार्य दिया जाएगा। इन पैड्स का वितरण जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क किया जाएगा, जिससे उन्हें स्वच्छता और आत्मनिर्भरता दोनों का लाभ मिलेगा।
वहीं, ‘प्रियदर्शिनी सिलाई योजना’ के तहत दिल्ली के हर जिले में सिलाई केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं को कढ़ाई-सिलाई का प्रशिक्षण और रोजगार मिलेगा। इस मौके पर सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं।
दिल्ली महिला कांग्रेस ने यह भी बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में हर महीने मुफ्त सैनिटरी पैड बांटे जाएंगे और इस योजना से जुड़ी महिलाओं को उनकी मेहनत की राशि चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहीं — यह आयोजन महिला कांग्रेस के मजबूत और सक्रिय नेतृत्व का प्रमाण बना।