
दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आज करावल नगर और तिलक नगर जिलों में “वोट चोरी के खिलाफ” हस्ताक्षर अभियान को जबरदस्त जनसमर्थन मिला। सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता से संवाद करते हुए भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर वोटों की हेराफेरी का आरोप लगाया।
इस मुहिम में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और विभिन्न सेल्स के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। “वोट चोर गद्दी छोड़ो” जैसे नारों से इलाके गूंज उठे और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अभियान का हिस्सा बने।
प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों की जागरूकता और बढ़ती भागीदारी से साफ है कि लोग इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं। बाजारों, रेड लाइट, रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों ने खुद आगे आकर हस्ताक्षर किए और वोट चोरी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
अभियान में जिला अध्यक्ष आदेश भारद्वाज और धर्मपाल चंदेला, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा, तथा कई वरिष्ठ पदाधिकारी जैसे सी.पी. मित्तल, रमेश सब्बरवाल, कमलकांत शर्मा, डॉ. पी.के. मिश्रा, जे.पी. पंवार और प्रिया जंयत शामिल रहे।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी जी द्वारा देशभर में वोट चोरी की साजिश को उजागर करने के बाद कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान की भावना के विपरीत जाकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता को प्रभावित कर रही है। दिल्ली में इस जनजागरण अभियान से लोगों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए नई ऊर्जा पैदा हुई है।