
पलवल, 29 अगस्त। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की याद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने न केवल हॉकी की दुनिया में अपना लोहा मनवाया, बल्कि भारतीय खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके अद्वितीय कौशल और समर्पण ने आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है। कार्यक्रम में उन्होंने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सभी उपस्थित लोगों को खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि यह दिन हमें फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल की अहमियत याद दिलाता है। उन्होंने ‘कोई भी खेल खेलों, फिट रहो’ पहल के तहत सभी नागरिकों को कम से कम एक घंटे आउटडोर खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिता सीनियर वर्ग का शुभारंभ भी किया, जिसमें हरियाणा और छत्तीसगढ़ की टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेलों में अनुशासन, टीमवर्क और मेहनत के महत्व पर जोर दिया।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ और अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ने हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने हमेशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में अपना नाम रोशन किया है।