
फरीदाबाद पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में महिला अपराधों के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस की सक्रियता के चलते महिला अपराधों में पिछले वर्ष की तुलना में 7% की कमी दर्ज हुई है। जघन्य अपराध जैसे POCSO और बलात्कार के मामलों में भी घटोतरी देखी गई है। इस साल अब तक लगभग 100 मनचलों पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
फरीदाबाद पुलिस ने वर्ष 2024 में चिन्हित 300 हॉटस्पॉट और 154 हॉट रूट में सुरक्षा बढ़ाकर 2025 में इसे घटाकर 136 हॉटस्पॉट और 90 हॉट रूट किया। इस दौरान 20,000 से अधिक महिलाओं को जागरूक किया गया और 7,000 से अधिक महिलाओं को डायल 112 एप तथा ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई।
सेफ सिटी कार्यक्रम के तहत 400 के करीब महिलाओं को रात के समय उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुँचाया गया। इसके अलावा 10,000 से अधिक महिलाओं से क्षेत्र सर्वे फॉर्म भरवाकर असुरक्षित स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस ने रेड डॉट फाउंडेशन के सहयोग से प्रशिक्षित टीमों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे भी कराया है। महिलाएं पुलिस की वेबसाइट faridabad.haryanapolice.gov.in पर Women Safety Feedback Form भरकर अपनी सुरक्षा संबंधी फीडबैक दे सकती हैं, ताकि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए लगातार नए कार्यक्रम तैयार कर सके।