
सोनीपत, 10 सितंबर।
हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने युवाओं को संबोधित किया।
कल्याण ने कहा कि जीवन में जीतने का कोई आसान रास्ता नहीं होता। कठिनाइयों से जूझकर आगे बढ़ने वाले ही असली विजेता बनते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का मंत्र बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का सपना युवाओं की ऊर्जा और समर्पण से ही साकार होगा। “युवा ही देश के भविष्य के सिपाही हैं, जो परिश्रम और साहस के दम पर भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे,” उन्होंने कहा।
खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कल्याण ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है, जो अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सिखाता है। इसी दौरान उन्होंने खेल विश्वविद्यालय की टीम को विधानसभा सत्र में आने का निमंत्रण भी दिया।
अपने जीवन का उदाहरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार किसान परिवार से आने के बावजूद उन्होंने मेहनत और परिजनों से मिले संस्कारों के बल पर राजनीति में पहचान बनाई और आज जनता की सेवा कर रहे हैं।
कार्यक्रम में पैरा ऑलंपियन सुमित आंतिल, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी व अर्जुन अवार्डी संदीप नरवाल और 16 वर्ष की आयु में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली सिवांगी पाठक को सम्मानित किया गया। कल्याण ने युवाओं से अपील की कि वे इन खिलाड़ियों की तरह मेहनत और संघर्ष को अपनाकर अपने माता-पिता और देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को अनुशासन, संस्कार और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि मई 2023 में यहां 65 छात्र थे, जो अब बढ़कर 700 से अधिक हो गए हैं। उनका दावा है कि आने वाले वर्षों में यह विश्वविद्यालय देश का नंबर-वन संस्थान बनेगा।
कार्यक्रम में हरविंद्र कल्याण की धर्मपत्नी रेशमा कल्याण, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता आज़ाद नेहरा, रविंद्र दिलावर, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार जसविंद्र सिंह, प्रो. योगेश चंद्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।