
हसनपुर (पलवल) में शुक्रवार को एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जो 25 जून 1975 को लागू हुए आपातकाल की 50वीं बरसी पर जनता को उस समय की सच्चाई से रूबरू कराने के उद्देश्य से लगाई गई। कार्यक्रम का उद्घाटन होडल से विधायक श्री हरिंद्र सिंह ने किया, जिन्होंने इस अवसर पर लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले सत्याग्रहियों को नमन किया।
इस जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा द्वारा किया गया, जिसमें आपातकाल के दौरान हुए अत्याचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगे प्रतिबंधों की झलक दिखाई गई। प्रदर्शनी ने दर्शकों को बताया कि कैसे उस दौर में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया।
विधायक हरिंद्र सिंह ने कहा, “जिस तरह से लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी जेलों में रहकर भी संविधान की रक्षा के लिए खड़े रहे, वह हमारी लोकतांत्रिक परंपरा की शक्ति का प्रतीक है। हमें उनके बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और स्वतंत्रता का आधार है।
कार्यक्रम में पूर्व ज़िला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, ब्लॉक समिति चेयरमैन अजीत सिंह, उप चेयरमैन सौरव वशिष्ठ, बीडीपीओ नरेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर लोकतंत्र पर हुए उस ऐतिहासिक आघात को याद किया और इससे मिली सीख को साझा किया।