
खरखौदा (सोनीपत), 28 अगस्त: विधायक पवन खरखौदा ने खरखौदा क्षेत्र की चार गौशालाओं के संचालकों को कुल 90 लाख 69 हजार रुपये की अनुदान राशि के चैक सौंपे। सिसाना गांव स्थित गौशाला को अकेले 59 लाख 99 हजार रुपये का चैक दिया गया।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को सिर्फ चारे का अनुदान ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए मशीनरी और अन्य मदद भी प्रदान की जा रही है।
पिछले दस सालों में राज्य सरकार ने गौशालाओं के लिए 358 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक राशि जारी की है। वर्तमान में हरियाणा में 686 पंजीकृत गौशालाएं हैं, जिनमें लगभग 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन किया जा रहा है। प्रदेश की 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट भी लगाए गए हैं।
भाजपा वरिष्ठ नेता माईराम कौशिक ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है और हर घर में गौ माता का सम्मान होना चाहिए। इस अवसर पर सिसाना गौशाला के संस्थापक पंडित हरिओम के पौत्र जितेन्द्र को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, चेयरमैन राजबीर दहिया, खरखौदा ब्लॉक समिति के चेयरमैन सितेन्द्र दहिया और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।