
सोनीपत, 16 अक्टूबर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रचेता सिंह ने महलाना, मोहाना, जुआं और भटगांव के ग्रामीणों के साथ विशेष बैठक आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य था “मेडिएशन फॉर द नेशन” अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को मध्यस्थता के महत्व और इसके फायदे समझाना।
प्रचेता सिंह ने बताया कि यह पहल न्यायिक प्रणाली पर बढ़ते बोझ को कम करने, त्वरित और सहज न्याय प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम है। अभियान के तहत जिले में चल रहे मुकदमों को मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
बीडीपीओ अंकुर ने ग्रामीणों को बताया कि सामुदायिक मध्यस्थता से गांव स्तर पर विवाद आपसी समझ और सहमति से हल किए जा सकते हैं। इससे समय और धन की बचत होती है, साथ ही सामाजिक सौहार्द भी मजबूत रहता है। मध्यस्थों की मदद से ग्रामीण आपसी बातचीत से अपने झगड़ों का समाधान कर पाएंगे, जिससे रिश्तों में सुधार होगा और न्याय सभी तक आसानी से पहुंचेगा।
डीएलएसए सभी ग्रामवासियों से अपील करता है कि वे इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाएँ और अपने विवादों का शांतिपूर्ण समाधान प्राप्त करें।
अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनीपत के हेल्पलाइन नंबर 0130-2220057 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकुर, जिला विधिक सेवा द्वारा नियुक्त मेडिएटर कुलदीप सिंह, ओमप्रकाश रंगा, सुनीता, अधिवक्ता एवं मध्यस्था प्रशिक्षक यशपाल दहिया, साथ ही संबंधित गांव के सरपंच और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।