गन्नौर, हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” अभियान की आत्मा स्वदेशी और आत्मनिर्भरता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा, तब तक समृद्ध भारत का सपना अधूरा रहेगा।
रविवार को गन्नौर के वार्ड 11 स्थित बूथ संख्या 92 पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम का श्रवण भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ किया। इसके बाद आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में मंत्री ने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दे और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि आज चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की नीति और निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिचौलियों और भ्रष्टाचार को समाप्त कर व्यवस्था को आमजन के लिए सरल बनाया है।

मंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधारों और ‘मेक इन इंडिया’ पहल ने भारतीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को नए अवसर दिए हैं। स्वदेशी हमारे स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है और अब यह विकसित भारत का मार्गदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ पुनर्निर्माण भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। हरियाणा प्रदेश भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में सक्रिय योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र कौशिक, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक देवेन्द्र कादयान, नगर परिषद चेयरपर्सन अरुण त्यागी, मंडल अध्यक्ष अजय जैन, जिला महामंत्री नीरज ठरू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

