फरीदाबाद: सेक्टर 77 स्थित KLJ सोसायटी की बेसमेंट में हुई फायरिंग केस में एक और गिरफ्तारी सामने आई है। क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम ने इस मामले में सह आरोपी कृष्ण (20) निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
मामला 26/27 अगस्त की रात का है, जब सेक्टर 10 निवासी सुरेश पर गोली चलाई गई थी। शिकायत में बताया गया कि सुरेश के सैलून में काम करने वाली महिला के पति विनोद ने अपने साथी के साथ मिलकर हमला किया था। गोली लगने से सुरेश घायल हो गया था।
जांच में खुलासा हुआ कि फायरिंग के दौरान आरोपी कृष्ण ने देसी कट्टे से गोली चलाई, जबकि मुख्य आरोपी विनोद ने पिस्टल से फायर किया। दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। कृष्ण विज्ञापन होर्डिंग लगाने का काम करता है, वहीं विनोद पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने कृष्ण को कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके।

