सोनीपत, 01 नवंबर।
हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में शनिवार को जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने हरियाणा की समृद्ध लोक परंपराओं, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। हरियाणवी लोकनृत्य की झलकियों ने सभागार को प्रदेश की मिट्टी की खुशबू से महका दिया।
प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि हरियाणा ने छह दशकों में शिक्षा, कृषि, उद्योग, खेल और आईटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा देश की ऊर्जा हैं और उनका परिश्रम प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। बड़ौली ने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपनी प्रतिभा व मेहनत से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं और हरियाणा का नाम और ऊंचा करें।
राई विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि हरियाणा आज “हरियाणा एक–हरियाणवी एक” के संकल्प के साथ विकास की नई मिसालें गढ़ रहा है। सरकार की योजनाएं अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित हैं।
विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि हरियाणा त्याग, धर्म और आस्था की धरती है। यह दिन हमें अपने पूर्वजों की प्रेरणाओं और संघर्षों को याद करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मातृशक्ति आज शासन और समाज दोनों में मजबूत भूमिका निभा रही है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि हरियाणा देश की प्रगति में अहम योगदान दे रहा है — चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य या बुनियादी ढांचा। उन्होंने कहा कि आमजन की मेहनत ने ही हरियाणा को विकास की राह पर अग्रणी बनाया है।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि आज हरियाणा विकास, संस्कृति और खेलों के क्षेत्र में उदाहरण बन चुका है। कभी सीमित संसाधनों वाला यह प्रदेश आज अपनी मेहनत और एकता से गौरव के शिखर पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणवी संस्कृति की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँच चुकी है।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने भी प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मौके पर उपायुक्त सुशील सारवान, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम डॉ. अनमोल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, ओ.पी. पुरूथी, डॉ. मंजुला समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

